कतरास में सड़क हादसे में BCCL कर्मचारी की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कतरास : जोगता थाना क्षेत्र में डीएसपी कार्यालय के सामने स्थित चर्च के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बीसीसीएल कर्मी की मौत हो गई। मुडीडीह कोलियरी के डी-12/14 नंबर डंप की ओर जा रही हाइवा (वाहन संख्या JH 10 CY-5281) की चपेट में आने से लालटेन अंगारपथरा निवासी 52 वर्षीय बीसीसीएल कर्मचारी पोखन भुइँया की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के पुत्र संदीप भुइँया ने बताया कि जब वे नया मोड़ की ओर जा रहे थे, तभी सड़क किनारे अपने पिता को घायल अवस्था में पड़ा देखा। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक कतरास–धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार, लोयाबाद थाना प्रभारी पीकू प्रसाद, तेतुलमारी पुलिस समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। ट्रांसपोर्टिंग कंपनी की ओर से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम हटाया गया।
समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव घटनास्थल पर ही पड़ा था। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही थी।