रामगढ़: बरकाकाना स्टेशन पर ट्रेन से 79.7 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रामगढ़। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शक्तिपुंज एक्सप्रेस ट्रेन की जनरल बोगी से 79 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
घटना रविवार रात करीब 9:57 बजे की है। जानकारी के अनुसार, जैसे ही शक्तिपुंज एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची, आरपीएफ की टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर रामगढ़ इंड क्षेत्र के पास स्थित जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो पुराने कपड़ों की एक बड़ी गठरी बोगी में चढ़ा रहा था।
जब आरपीएफ कर्मियों ने नजदीक जाकर जांच की तो गठरी से तेज गंध आ रही थी। शक होने पर टीम ने उस व्यक्ति की ओर बढ़ना चाहा, लेकिन वह मौके से भागने लगा। आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़कर पकड़ लिया और बोगी से गठरी को नीचे उतारा।
जांच के दौरान गठरी खोलने पर उसमें 79.7 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है।