अड्डाबाजी पर पुलिस का करारा प्रहार, जिलेभर में चला विशेष अभियान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!SSP प्रभात कुमार के निर्देश पर एकसाथ कार्रवाई, 53 से अधिक लोग हिरासत में

धनबाद : जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देश पर शनिवार को जिलेभर में अड्डाबाजी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन कार्रवाई की गई।

अभियान का नेतृत्व संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा किया गया, जबकि पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की अलग-अलग टीमों को संवेदनशील एवं चिन्हित इलाकों में तैनात किया गया। पुलिस ने लगातार गश्त करते हुए उन स्थानों पर विशेष नजर रखी, जहां पूर्व में अड्डाबाजी, सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं।

इस क्रम में सुनसान इलाकों, सड़क किनारे, स्कूल परिसर, खेल मैदान, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अचानक छापेमारी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अड्डाबाजी कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने अड्डाबाजी करते हुए तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे करीब 53 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। सभी को संबंधित थानों में लाकर पूछताछ की गई, वहीं उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अड्डाबाजी सामाजिक माहौल को खराब करने के साथ-साथ विवाद, मारपीट और गंभीर अपराधों को जन्म देती है। नशे की हालत में लोग अक्सर कानून व्यवस्था को चुनौती देते हैं, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने स्पष्ट कहा कि अड्डाबाजी और असामाजिक गतिविधियों के कारण जिले में विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। अपराध नियंत्रण और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।