गिरिडीह में अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, ग्रामीणों और पुलिस की सूझबूझ से चालक की जान बची
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरिडीह : जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक इंजन के नीचे दब गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल लोकाय थाना पुलिस को सूचना दी। अंधेरी रात और सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीणों व पुलिस ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को सावधानीपूर्वक उठाया गया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे जमुई रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस सफल बचाव अभियान को इंसानियत, सामूहिक प्रयास और ईश्वर की कृपा का परिणाम बताया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि विपरीत परिस्थितियों में एकजुट प्रयास से किसी भी बड़ी मुसीबत को टाला जा सकता है।