महुदा में ज्वेलर्स दुकान से लाखों की चोरी, चाकू की नोक पर परिवार को बनाया बंधक, खोजी कुत्ते से जांच जारी

महुदा में ज्वेलर्स दुकान से लाखों की चोरी, चाकू की नोक पर परिवार को बनाया बंधक, खोजी कुत्ते से जांच जारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद | महुदा
बाघमारा अनुमंडल के महुदा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दुस्साहसिक चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। महुदा थाना और पुलिस निरीक्षक कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग के किनारे लक्ष्मी ज्वेलर्स नामक सोना-चांदी की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात दुकान के पीछे रहने वाली कुंती देवी की नींद आवाज सुनकर खुली। तभी दो चोर उनके घर में घुस आए और चाकू की नोक पर उनके पुत्र को कब्जे में ले लिया, जबकि एक अन्य अपराधी दरवाजे पर निगरानी करता रहा। इसी दौरान बगल में स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स की दुकान का ताला तोड़कर और ग्रिल गेट काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना रात में ही महुदा पुलिस और दुकानदार को दी गई। दुकानदार अमित कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे दुकान पहुंचे तो पुलिस ने जांच पूरी होने तक दुकान नहीं खोलने का निर्देश दिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 2 किलो चांदी, 15 ग्राम सोने के जेवरात, रिपेयरिंग से संबंधित सामान और सीसीटीवी का डीवीआर, कुल मिलाकर लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।
दुकानदार ने यह भी बताया कि पूर्व में उनके साथ छिनतई की घटना हो चुकी है और इलाके में पहले भी चोरी की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय व्यवसायियों में भय का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महुदा थाना प्रभारी ललित रंजन भगत के नेतृत्व में खोजी कुत्ते की मदद से जांच कराई गई। खोजी कुत्ता बार-बार दुकान के पीछे स्थित एक कर्कट और एक खपरैल मकान की ओर जाता देखा गया, जिसके आधार पर पुलिस ने कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
महुदा पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

About Author

error: Content is protected !!