रहस्यमय हालात में 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आसनसोल:पश्चिम बंगाल के आसनसोल साउथ पुलिस फाड़ी अंतर्गत बराचक बोयला धौड़ा इलाके में स्थित एक तालाब के पास 15 वर्षीय किशोर शुभम प्रसाद का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक शुभम उसी इलाके का निवासी बताया जा रहा है।
मौके पर मिले हालात को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शुभम शौच के लिए तालाब के किनारे गया था। उसका पैंट आधा खुला हुआ था और उसने शौच भी किया हुआ था। शव जमीन पर पड़ा हुआ मिला। हालांकि, शुभम की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना साउथ पुलिस फाड़ी को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया।
परिजनों के अनुसार, शुभम रविवार सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि शुभम तालाब के किनारे जमीन पर लेटा हुआ है। सूचना मिलते ही शुभम की मां मौके पर पहुंचीं। शुभम की मां बोलने में असमर्थ हैं, इसके बावजूद उन्होंने इधर-उधर दौड़कर लोगों से मदद की गुहार लगाई कि उनके बेटे को अस्पताल पहुंचाया जाए ताकि उसकी जान बच सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पहले पुलिस को सूचना देना उचित समझा। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर शुभम को बेहतर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शुभम की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।