हीरापुर हटिया में दिनदहाड़े चोरी की कोशिश, घर में घुसे युवक को लोगों ने खंभे में बांधा

हीरापुर हटिया में दिनदहाड़े चोरी की कोशिश, घर में घुसे युवक को लोगों ने खंभे में बांधा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद : धनबाद शहर के व्यस्त इलाके हीरापुर हटिया में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। चोरी की नीयत से एक घर में घुसे युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक घर के सदस्यों की व्यस्तता का फायदा उठाकर मकान में घुस गया। वह सीधे बेडरूम में पहुंचा और पलंग का बिस्तर हटाकर कीमती सामान व नकदी की तलाश करने लगा। इसी दौरान घर की महिला की नजर युवक पर पड़ गई। महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी और आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए।
भागने की कोशिश कर रहे युवक को लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसे घर के बाहर बिजली के खंभे से बांध दिया और तुरंत धनबाद थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को शांत कराया और युवक को बंधन मुक्त कर हिरासत में ले लिया।
आरोपी युवक कुम्हार पट्टी का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसे थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है।
वहीं, घर के मालिक गुड्डू सिंह ने बताया कि वे घर पर ही मौजूद थे। अचानक पत्नी की चीख सुनाई दी। अंदर जाकर देखा तो एक अनजान युवक पलंग को उलट-पुलट कर रहा था। शोर मचाने पर मुहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और युवक को पकड़ लिया।

About Author

error: Content is protected !!