कर्ज के बोझ तले दबे परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, आत्महत्या की आशंका

कर्ज के बोझ तले दबे परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, आत्महत्या की आशंका

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बोकारो। वर्ष के अंतिम दिन बोकारो से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-09, स्ट्रीट-05 में एक ही परिवार के तीन सदस्यों — एक पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्चे — की मौत से इलाके में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान कुंदन कुमार तिवारी (35 वर्ष), उनकी पत्नी रेखा देवी (32 वर्ष) और 02 वर्षीय पुत्र श्रेयांश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह परिवार बीएसएल की जमीन पर अवैध रूप से निर्मित मकान में रह रहा था।


प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार कर्ज के अत्यधिक बोझ से दबा हुआ था। पड़ोसियों के अनुसार कुंदन कुमार तिवारी किसी भी प्रकार का नियमित कामकाज नहीं करते थे।
डीएसपी आलोक रंजन के मुताबिक, घटनास्थल की स्थिति से यह प्रतीत होता है कि पहले मासूम बच्चे की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की गई, इसके बाद दंपति ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल प्रथम दृष्टया आकलन है।
उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में वर्ष के अंतिम दिन के माहौल को गमगीन कर दिया है।

About Author

error: Content is protected !!