मधुबन थाना क्षेत्र में फरार अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्ट : सुल्तान खान
बाघमार : मधुबन थाना कांड संख्या 106/25 के फरार अभियुक्त हराधन रजवार को मधुबन पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्त महेशपुर निवासी है, जो डेगलाल रजवार का पुत्र है।
गौरतलब है कि अभियुक्त की नवविवाहिता पत्नी पिंकी कुमारी की 4 दिसंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पिता बहादुर रजवार, निवासी सिलफोर गांव (पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र), ने मधुबन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में मृतका के पति हराधन रजवार, ससुर डेगलाल रजवार एवं सास प्रिया देवी पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर मधुबन पुलिस ने कांड संख्या 106/25 के तहत धारा 80(2)/3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को अभियुक्त हराधन रजवार को उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।