Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जामताड़ा | झारखंड शिक्षा परियोजना (Jharkhand Education Project) के अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में तैनात लिपिक सौरव कुमार सिन्हा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी लिपिक को दुमका स्थित ACB कार्यालय लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
CRP के मानदेय को लेकर की जा रही थी सौदेबाजी
मिली जानकारी के अनुसार नाला प्रखंड में प्रतिस्थापित CRP रासबिहारी झा के एक वर्ष के लंबित मानदेय भुगतान के बदले लिपिक सौरव कुमार सिन्हा ने आठ हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे, जिसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत ACB कार्यालय में दर्ज कराई।
जांच में शिकायत सही, बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की गुप्त जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ACB की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया।
बातचीत के दौरान सौदा छह हजार रुपये तत्काल और शेष दो हजार रुपये बाद में देने पर तय हुआ।
छह हजार लेते ही दबोचा गया आरोपी
पूर्व निर्धारित योजना के तहत ACB की टीम ने जामताड़ा स्थित झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय में छापेमारी कर लिपिक सौरव कुमार सिन्हा को छह हजार रुपये घूस लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, संथाल परगना प्रमंडल दुमका की टीम ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
ACB की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के
खिलाफ सख्त संदेश गया है।