धनबाद में स्मार्ट पुलिसिंग की पहल, अपराध नियंत्रण के लिए सीसीटीवी अभियान शुरू
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : शहर में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी पहल की शुरुआत की है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों की दुकानों, प्रतिष्ठानों, मॉल, होटल और पेट्रोल पंपों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया जा रहा है।
इस योजना के तहत प्रत्येक सीसीटीवी कैमरे के संचालक का मोबाइल नंबर पुलिस के पास पंजीकृत रहेगा, ताकि किसी भी आपराधिक घटना के बाद तत्काल फुटेज प्राप्त किया जा सके। इससे अपराधियों की पहचान, उनके वाहनों और फरार होने की दिशा जैसी अहम जानकारियां तेजी से जुटाई जा सकेंगी।
पुलिस द्वारा सभी प्रतिष्ठानों की लोकेशन और संपर्क विवरण को कंट्रोल रूम व पुलिस सर्वर से जोड़ा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीसीटीवी फुटेज का उपयोग केवल जांच और कानून व्यवस्था के लिए किया जाएगा तथा नागरिकों की निजता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
फिलहाल शहरी क्षेत्रों में सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि जिन स्थानों पर कैमरे नहीं लगे हैं, वहां निर्धारित समयसीमा के भीतर सीसीटीवी इंस्टॉल कराया जा सके। यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।