निरसा में पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को गोली लगने से हड़कंप, दुर्गापुर रेफर, सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरसा (धनबाद):
निरसा थाना क्षेत्र के देवियाना गेट एनएच-19 के दिल्ली लेन स्थित मां उमा शक्ति फिलिंग पॉइंट में बुधवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप मालिक व पत्थर कारोबारी पारस सिंह के पुत्र सौरभ सिंह को गोली लग गई।

घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों और साथ मौजूद दोस्तों ने घायल सौरभ सिंह को आनन-फानन में धनबाद के असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस के साथ निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजत मानिक बाखला घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसडीपीओ रजत मानिक बाखला ने बताया कि पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। घायल युवक पेट्रोल पंप मालिक का पुत्र है और संभवतः कंधे में गोली लगी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस ने पेट्रोल पंप के पीछे चहारदीवारी से घिरे सुनसान स्थान से आधा दर्जन बियर की बोतलें, चिप्स के पैकेट, एक गोली का खोखा और खून के निशान बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खाने-पीने के दौरान फायरिंग हुई, हालांकि गोली किस परिस्थिति में चली और किसने चलाई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

एसडीपीओ ने यह भी बताया कि घायल युवक के पास लाइसेंसी पिस्टल होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी भी गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के समय वहां मौजूद अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन जारी है।