धनबाद पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ठगी का भंडाफोड़, हरिहरपुर–कोरकोट्टा से 6 आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: जिले के गोमो स्थित हरिहरपुर कोरकोट्टा और आसपास के क्षेत्रों में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का धनबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार मिल रही शिकायतों और इनपुट के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तोपचांची अंचल के पुलिस निरीक्षक की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने छापामारी करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे अवैध ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म चलाते थे और लोगों को निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर पैसे जमा करवाते थे। गेमिंग से होने वाले कथित मुनाफे का प्रतिशत आपस में बांटा जाता था। ठगी से प्राप्त रकम को कई अलग-अलग बैंक खातों में जमा किया जाता था ताकि लेन-देन को ट्रैक करना मुश्किल हो सके। पुलिस ने छापामारी के दौरान छह रजिस्टर बरामद किए हैं, जिनमें प्राप्त पैसों का पूरा हिसाब-किताब दर्ज था। इसके अलावा आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग ठगी के संचालन में किया जाता था।
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक असीम कमल ने किया। उनके साथ हरिहरपुर थाना प्रभारी राहुल कुमार झा, पवन कुमार अग्रवाल, अजीत कुमार, साधन कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और सशस्त्र बल भी शामिल थे। पुलिस टीम ने हरिहरपुर, बाघमारा और बरोरा थाना क्षेत्रों में समन्वय बनाकर यह सफल छापामारी की।
मामले में हरिहरपुर थाना कांड संख्या 68/2025 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भा.न्या.संहिता–2023 की धारा 112(2), 319(2), 318(4) और 3(5) के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य बैंक खातों, लेन-देन और संभावित पीड़ितों की पहचान की भी कोशिश कर रही है।