बरमसिया पुल 5 नवंबर से रहेगा बंद, 20 दिसंबर तक चलेगा मरम्मत कार्य
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद:
बरमसिया पुल की मरम्मती कार्य को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 नवंबर से 20 दिसंबर तक पुल पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
मरम्मत कार्य के तहत पुल के गार्डवाल की मरम्मत और ऊपरी सड़क की सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 45 दिनों की अवधि में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहे इसके लिए वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित कर आमजनों को अग्रिम सूचना दी जाए।
बैठक के बाद एसडीएम, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी, पथ निर्माण विभाग और रेलवे अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पुल और आसपास के वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रूट डायवर्ट, अतिक्रमण हटाने, सड़कों को आवश्यकता अनुसार वन-वे बनाने और अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की तैनाती जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
मौके पर नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, एसडीएम राजेश कुमार, डीटीओ दिवाकर सी. द्विवेदी, कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार, रेलवे और नगर निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे।