मामूली विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, छठ की छुट्टी पर घर आया था आईआरबी जवान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो : चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गाय घाट इलाके में मंगलवार देर शाम मामूली विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान यदुवंश नगर निवासी लक्ष्मी नारायण यादव के छोटे पुत्र अजय यादव उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोनू और बलराम तिवारी नामक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर बलराम तिवारी कुछ साथियों के साथ गाय घाट स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां सोनू अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। तभी बलराम ने पिस्टल निकालकर उस पर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी।
गोलियां सोनू के पेट में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाला बलराम तिवारी आपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति है। वह कई बार जेल जा चुका है और उस पर पुलिस जवान पर जानलेवा हमले का मामला भी दर्ज है।
मृतक अजय यादव आईआरबी (Indian Reserve Battalion) में जवान के पद पर कार्यरत था। उसकी पोस्टिंग गिरिडीह में थी और वह छठ महापर्व की छुट्टी पर घर आया हुआ था।