वाहनों के पार्ट्स चुराने वाले दो चोर पकड़े गए, भेजे गए जेल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोविंदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के वनकाली फेज-2 में बुधवार की रात वाहन पार्ट्स चोरी करने वाले दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदर्श झा और नौशाद आलम के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक घर के आगे और सड़क किनारे खड़े चारपहिया वाहनों के पार्ट्स व स्टेपनी चोरी किया करते थे। बुधवार की रात दीपक कुमार साव और उनके मित्र संजीव कुमार जब घर लौट रहे थे, तो उन्होंने दो युवकों को बाइक के पास संदिग्ध स्थिति में देखा।
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके टेंपो की सीट कटी हुई थी, जबकि बैटरी, स्टेपनी और जेनरेटर की बैटरी गायब थी। शोर मचाने पर स्थानीय लोग जुट गए और दोनों चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने गुरुवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, उनका तीसरा साथी अफजल अंसारी उर्फ सूजी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।