बलियापुर पुलिस की बड़ी सफलता — दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर व सामान बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद जिले की बलियापुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये के जेवर, मोबाइल, लैपटॉप और कई अन्य कीमती सामान बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बलियापुर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि ये दोनों चोर धनबाद के कई इलाकों में सक्रिय थे।
1 सितंबर की रात बलियापुर निवासी चंडी चरण चटर्जी के घर से नकद पचास हजार रुपये, सात से आठ भर सोने के गहने और मोबाइल चोरी की गई थी।
इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने झरिया के बालुगदा निवासी बादल महतो और बेलगड़िया कॉलोनी के ललन मंडल उर्फ लाला को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बलियापुर, झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सिटी एसपी के अनुसार दोनों पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनकी गिरफ्तारी से अब तक छह चोरी कांडों का खुलासा हो चुका है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।