कतरास सड़क हादसे में बीसीसीएल कर्मी की मौत, शव के साथ परिजनों ने किया प्रदर्शन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कतरास : तेतुलमारी में हुए सड़क हादसे में घायल बीसीसीएल की महिला कर्मी वर्षा देवी (34) की इलाज के दौरान 2 अक्टूबर को असर्फी अस्पताल में मौत हो गई। यह घटना 30 सितंबर को दुर्गा पूजा अष्टमी के दिन भूली रोड पर हुई थी, जब एक स्कूटी (संख्या JH 10 CX-1831) की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसे में उनका सात वर्षीय पुत्र परीक्षित कुमार भी घायल हो गया था।
महिला कर्मी के निधन की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को परिजनों ने शव को तेतुलमारी थाना के पास रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नाबालिग चालक की गिरफ्तारी, मुआवजा (कंपसेंशन), बीसीसीएल प्रबंधन से नियोजन और उचित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि मृतका के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री है, जिनका भविष्य अब असुरक्षित हो गया है।
घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति सन्नी कुमार का फर्द बयान दर्ज किया। समाचार लिखे जाने तक शव को तेतुलमारी थाना से सिजुआ क्षेत्रीय कार्यालय ले जाया गया, जहां परिजनों, ग्रामीणों और बीसीसीएल प्रबंधन के बीच वार्ता जारी थी। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।