धनबाद में दुर्गा पूजा की तैयारी, उपायुक्त व एसएसपी ने बाइक से फ्लैग मार्च कर लिया जायजा

धनबाद में दुर्गा पूजा की तैयारी, उपायुक्त व एसएसपी ने बाइक से फ्लैग मार्च कर लिया जायजा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। शुक्रवार देर शाम उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बाइक से फ्लैग मार्च निकालकर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य जिले के लोगों को शांति और सुरक्षा का संदेश देना है। साथ ही असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना और आम नागरिकों में विश्वास कायम करना भी इस पहल का मकसद है।

8000 से अधिक पुलिस बल तैनात

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी आम जनता को न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

8000 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है।

500 से अधिक पूजा पंडालों में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे लिबास में तैनात रहेंगे।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

एसएसपी ने लोगों से अपील की कि—

अनावश्यक गाड़ियों का उपयोग न करें।

निर्धारित स्थल पर ही वाहन पार्क करें।

छोटे बच्चों के पॉकेट में अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर और पता वाली पर्ची जरूर रखें।

फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर स्टील गेट, गोल बिल्डिंग, बरमसिया, जोड़ा फाटक, धनसार, बैंक मोड़, मटकुरिया, केंदुआडीह, जोगता, लोदना, सिजुआ, कतरास, बाघमारा, वासेपुर, नया बाजार, पूजा टॉकीज और कोर्ट मोड़ समेत कई इलाकों से गुजरा।

फ्लैग मार्च के दौरान उपायुक्त और एसएसपी ने विभिन्न पूजा समितियों से बातचीत की। समितियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

फ्लैग मार्च में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एडीएम (विधि-व्यवस्था) हेमा प्रसाद, एसडीएम राजेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार, डीएसपी नौशाद आलम, डीएसपी ट्रैफिक अरविन्द सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार सहित सभी थाना प्रभारी व बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

धनबाद जिला प्रशासन की इस पहल से साफ है कि दुर्गा पूजा के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। फ्लैग मार्च ने लोगों में विश्वास जगाया है और उम्मीद है कि त्योहार शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न होगा।

About Author

error: Content is protected !!