दुर्गा पूजा शांति समिति की बैठक : सुरक्षा, बिजली, पानी और सड़कों पर हुई चर्चा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी, एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एसडीओ, डीएसपी समेत कई थाना प्रभारी और अधिकारी मौजूद थे। शांति समिति के सदस्य एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

बैठक में स्थानीय लोगों और समितियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इनमें जर्जर सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था में सुधार और पानी की समस्या प्रमुख रही। हाल ही में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई घटना के दोषियों पर कार्रवाई और निर्दोष लोगों को बचाने की मांग भी उठी।
कड़ी निगरानी की तैयारी
इस बार जिला प्रशासन ने सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी का फैसला किया है। दुर्गा पूजा के दौरान करीब 8 हजार पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। कुछ पुलिसकर्मी सादे लिबास में भी निगरानी करेंगे।
समाजसेवियों की पहल
बैठक में कई समाजसेवियों ने पंडालों के पास अवैध शराब की दुकानों को बंद कराने का आग्रह किया। निरसा के समाजसेवी गुरमीत सिंह डांग ने बताया कि निरसा दुर्गा पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं, पुलिस प्रशासन और पत्रकारों के लिए उनकी ओर से चाय-बिस्किट और रात का लंगर उपलब्ध कराया जाएगा।
पूर्व डीसी बिला राजेश को श्रद्धांजलि
बैठक समाप्त होने पर धनबाद जिला की पूर्व डीसी बिला राजेश को श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर टुंडी विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।