गांजा-शराब की अवैध बिक्री से परेशान मोहल्लेवासी, धनसार थाना में दर्ज कराई शिकायत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद के गांधी नगर सब्जी बागान में सुभावती देवी के घर पर चल रहा अवैध कारोबार, मोहल्ले में तनाव, महिलाओं ने जताई असुरक्षा।
धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के गांधी नगर सब्जी बागान स्थित माड़ी गोदाम इलाके में अवैध शराब और नशे के कारोबार ने मोहल्लेवासियों की नींद हराम कर दी है। रविवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एकत्र होकर विरोध जताने पहुंचे और धनसार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
स्थानीय निवासी दिलीप कुशवाहा ने बताया कि लगभग 10 वर्षों से सुभावती देवी के घर में महुआ शराब बेची जा रही है। पिछले तीन महीनों से गांजा और चरस की बिक्री भी शुरू हो गई है। नशेड़ी देर रात तक हुड़दंग और गाली-गलौज करते हैं, जिससे महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले पुलिस की छापेमारी में यहां से गांजा और शराब बरामद हुई थी, लेकिन आरोपित फरार हो गए थे। इसके बावजूद कारोबार फिर से शुरू हो गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर एएसआई संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला कांस्टेबल की गैरमौजूदगी में घर में प्रवेश संभव नहीं था। पूरा मामला धनसार थाना को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।