लोयाबाद : गणेश उत्सव की भव्य शुरुआत, भक्तिमय माहौल में उमड़े श्रद्धालु
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद/लोयाबाद। लोयाबाद क्षेत्र में बुधवार से गणेश उत्सव की शुरुआत बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल में की गई। लोयाबाद संकटमोचन मंदिर परिसर एवं लोयाबाद 6 नंबर में गणेश प्रतिमा की स्थापना पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच पंडितों द्वारा संपन्न कराई गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही पूरा वातावरण “गणपति बप्पा मोरया” और “जय गणेश देवा” जैसे जयघोषों से गूंज उठा।

संकटमोचन मंदिर परिसर में भव्य आयोजन
संकटमोचन मंदिर परिसर में स्थापित गणेश पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रतिमा स्थापना के अवसर पर यजमान की भूमिका सुनील पांडेय एवं उनकी धर्मपत्नी रीता देवी ने निभाई। दोपहर बाद से ही भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया और शाम तक पूजा-अर्चना एवं गणपति दर्शन हेतु भीड़ बढ़ती गई।
समिति की ओर से बताया गया कि प्रत्येक संध्या को विधिवत आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
लोयाबाद 6 नंबर में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव
इधर, लोयाबाद 6 नंबर में भक्ति युवा शक्ति क्लब द्वारा पांच दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र भव्य मेले का आयोजन भी होगा। यहां लोग पूजा के साथ-साथ मेले का आनंद भी उठा सकेंगे।
30 अगस्त को होगा महाभंडारा और भक्ति जागरण
आयोजकों ने जानकारी दी कि 30 अगस्त को विशाल महाभंडारा आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात्रि में भक्ति जागरण का भी विशेष आयोजन होगा। देर रात तक भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
युवाओं की अहम भूमिका
पूरे आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं की अहम भूमिका रही। समिति के सक्रिय सदस्यों में रोहित गुप्ता, अरुण कुमार, निखिल कुमार, विकास कुमार, रितिक कुमार, रोहन चौहान, सागर नोनियां, रितिक पांडेय, अरविंद रवानी, आफताब अंसारी, अफजल अंसारी, विजय सिंह, धनंजय रवानी, राकेश सिन्हा और प्रवीण रवानी सहित अन्य युवाओं ने दिन-रात जुटकर मेहनत की।
श्रद्धालुओं में उत्साह
पहले ही दिन से लोयाबाद क्षेत्र का माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना हुआ है। हर ओर रंग-बिरंगी सजावट, रोशनी और भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण में अद्भुत ऊर्जा का संचार हो रहा है। श्रद्धालु गणपति बप्पा के दर्शन कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना कर रहे हैं।