बोकारो : हथियार के साथ 06 डकैत गिरफ्तार, जेल भेजे गए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो : बोकारो पुलिस ने लूटकांड में शामिल 06 डकैतों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 17 अगस्त 2025 को नावाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनीडाही में हथियार के बल पर जेवरात की लूट को अंजाम दिया गया था। घटना के महज 10 दिन बाद ही पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

17 अगस्त की रात करीब 10 लोगों ने धनेश्वर साहू के घर पर धावा बोला और हथियार दिखाकर सोने-चांदी के जेवरात की लूट की। अगले दिन 18 अगस्त को पीड़ित ने नावाडीह थाना में कांड संख्या 57/25 के तहत मामला दर्ज कराया। इसके बाद बोकारो पुलिस ने डीएसपी बेरमो नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।
गिरफ्तारी कैसे हुई
26 अगस्त को ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में पुलिस ने मेन रोड स्थित एक होटल के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो को जांच के लिए रोका। तलाशी और पूछताछ में पता चला कि गाड़ी में बैठे चार लोग इसी लूटकांड के आरोपी हैं।
गिरफ्तार अपराधियों में शामिल हैं :
विक्रम कुमार (भूली थाना, धनबाद)
धर्मेन्द्र राय (गोविंदपुर थाना, धनबाद)
रवि कुमार महतो (ईस्ट बसुरिया ओपी)
हाशिम शेख (महुदा थाना)
इनकी निशानदेही पर भूली से किशन पंडित को हिरासत में लिया गया, जिसके घर से लूट में प्रयुक्त पिस्टल और अन्य हथियार बरामद हुए। वहीं चोरी के जेवरात खरीदने वाले मुकेश सोनार को भी पुलिस ने उसके घर से पकड़ा। उसके पास से गलाए गए जेवरात के टुकड़े भी बरामद किए गए।
अन्य मामलों में भी शामिल गिरोह
एसपी हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे पिछले साल अक्टूबर में नावाडीह थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव और इसी वर्ष जुलाई में ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में हुए लूटकांड में भी शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार विक्रम कुमार और हाशिम शेख का पुराना आपराधिक इतिहास भी है।
पुलिस की बड़ी कामयाबी
बोकारो पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। महज 10 दिनों में लूटकांड का खुलासा कर पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है।