धनबाद में नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दर्जनों वाहन जब्त
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: अगर आप यातायात नियमों को नजरअंदाज कर सड़क किनारे अपनी गाड़ी पार्क करते हैं, तो अब सतर्क हो जाइए। धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग क्षेत्रों में खड़ी गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यह विशेष अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।
बुधवार को यह अभियान शहर के व्यस्ततम इलाकों – प्रभातम मॉल, बिग बाजार मॉल, सिटी सेंटर, बैंक मोड़ समेत कई जगहों पर चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी दर्जनों गाड़ियों को जब्त किया और भारी जुर्माना वसूला।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर उन्हें सील किया जा रहा है। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
दुकानदारों को भी चेतावनी
ट्रैफिक डीएसपी श्री अरविंद सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों में ही वाहन पार्क करें। साथ ही मॉल संचालकों और दुकानदारों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर वाहन खड़ा न होने दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार या व्यवसायी ग्राहक को निजी लाभ के लिए सड़क किनारे वाहन खड़ी करने की अनुमति देता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।