राजधानी एक्सप्रेस में 42 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सेकंड एसी बोगी से तीन तस्कर पकड़े गए
धनबाद: देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनों में से एक राजधानी एक्सप्रेस में गांजा तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 42 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
तीनों तस्कर हावड़ा से प्रयागराज जा रहे थे और सेकंड एसी बोगी A-1 और A-2 में सफर कर रहे थे। गांजा को तीन अलग-अलग ट्रॉली बैगों में छुपा कर ले जाया जा रहा था।
आरपीएफ धनबाद पोस्ट के प्रभारी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में
सौरभ कुमार (निवासी अस्थावां, नालंदा, बिहार)
उदय मोहन (नालंदा, बिहार)
रंजीत कुमार (मूल निवासी पानीपत, हरियाणा, वर्तमान में बरौली, सीवान) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ओडिशा के अंगुल में एक संजय नामक व्यक्ति ने उन्हें ये बैग दिए थे और प्रयागराज में राजकुमार नाम के व्यक्ति को डिलीवर करने के निर्देश दिए गए थे। बदले में तीनों को मोटी रकम मिलने वाली थी।
इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर अजय प्रकाश के साथ आरपीएफ की एसआई मनीषा कुमारी, पालिक मिंज, सीआईबी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राम, और रेल पुलिस के एएसआई दिलीप कुमार पॉल व रामकुमार पासवान शामिल थे।
ढाई महीने में जब्त हुआ 112 किलो गांजा
धनबाद स्टेशन पर 21 जून से 5 अगस्त 2025 के बीच पांच बार गांजा तस्करी की कोशिशें नाकाम की गई हैं।
इन कार्रवाइयों में कुल 112 किलो गांजा जब्त किया गया है।
पुलिस गांजा सप्लाई चेन में शामिल ओडिशा के तस्करों और प्रयागराज में रिसीवर की तलाश में जुट गई है।