गिरिडीह में आय से अधिक संपत्ति मामला, सरकारी कर्मचारी के आवास पर ACB का छापा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरिडीह: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोमवार सुबह गिरिडीह जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी के आवास पर छापेमारी की।
पंजाबी मुहल्ला स्थित उनके घर पर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए। सुबह-सुबह ACB की पाँच गाड़ियों का काफिला उनके घर पहुंचा और आवास को चारों ओर से घेरते हुए तलाशी अभियान शुरू किया।
छापे की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई, और देखते ही देखते मोहल्ले में भीड़ जमा हो गई। स्थिति को काबू में रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदीप गोस्वामी, जो पहले जिला स्थापना शाखा में तैनात थे और वर्तमान में पीरटांड प्रखंड कार्यालय में कार्यरत हैं, पर आय से अधिक संपत्ति रखने का गंभीर आरोप है। इसी को लेकर यह कार्रवाई की गई।
ACB सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज, लेन-देन से जुड़े कागजात और संदिग्ध संपत्ति विवरण बरामद किए गए हैं। हालांकि अब तक ACB की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
इस छापेमारी के बाद जिले के अन्य सरकारी विभागों में भी हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल है कि अगली कार्रवाई किस पर हो सकती है।