निरसा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, छह बाइक बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरसा (धनबाद), 11 जुलाई:
धनबाद जिले के निरसा अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय एक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस संबंध में एसडीपीओ निरसा रजत मनिक बाखला ने शुक्रवार को निरसा अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 10 जुलाई की रात कालूबाथान ओपी प्रभारी नीतीश मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना कांड संख्या 375/25, दिनांक 07.07.25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत चोरी की गई मोटरसाइकिल पिण्ड्राहाट से केलियासोल की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद एसएसपी धनबाद के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा केलियासोल-पतलाबाड़ी मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग लगाई गई। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे दो मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिए, जिन्हें रोकने की कोशिश की गई। भागने के प्रयास में एक आरोपी विजय महतो उर्फ हरिबोल महतो (सावलापुर, पाथरडीह, बलियापुर) को चोरी की पैशन प्रो बाइक (JH-10BG-4385) सहित पकड़ा गया। दूसरा आरोपी उमेश महतो अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
भागते समय उमेश द्वारा छोड़ी गई स्प्लेंडर बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर घिसा हुआ पाया गया, जबकि इंजन नंबर 01C18E11533 दर्ज किया गया। जांच के दौरान विजय महतो ने गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी दी, जिसके आधार पर बिट्टू महतो उर्फ विकास महतो (बेनागड़िया, चिरकुंडा) और रॉकी यादव (भालुकसुंडा, गोपीनाथपुर, निरसा) को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अब तक इस गिरोह के पास से कुल छह चोरी की बाइकें बरामद की हैं। इस मामले में कालूबाथान ओपी में थाना कांड संख्या 383/25, दिनांक 10.07.25, धारा 111(4)/111(7)/317(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसडीपीओ रजत मनिक बाखला ने इसे पुलिस की बड़ी सफलता करार दिया और कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।