डाक पार्सल की आड़ में शराब तस्करी! निरसा पुलिस ने पिकअप वैन से 4200 बीयर कैन के साथ दो तस्कर दबोचे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद | 7 जुलाई 2025: निरसा थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डाक पार्सल के नाम पर हो रही अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। सोमवार देर रात करीब 9:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर निरसा पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर एक सफेद रंग की पिकअप वैन (BR01GP-4031) को जब्त किया। वाहन में कुल 175 कार्टून (4200 केन) HYWARDS 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, उक्त पिकअप वैन पर “डाक पार्सल” लिखा हुआ था और यह बराकर-चिरकुंडा होते हुए GT रोड के रास्ते पटना की ओर जा रहा था। वाहन की गतिविधियों पर शक होने पर पुलिस ने मुगमा चौक के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। रात लगभग 9:45 बजे जैसे ही संदिग्ध वाहन नजर आया, चालक ने पुलिस को देख वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन तत्परता से पीछा कर वाहन को दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों ने अपने नाम कमलेश कुमार (30), निवासी मसौढ़ी, पटना और आशीष कुमार (22), निवासी बैरिया, गोपालपुर, पटना बताया। दोनों ने यह भी कबूल किया कि वे यह काम मुन्ना नामक व्यक्ति (मसौढ़ी निवासी) के निर्देश पर करते हैं और इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता है। दोनों पहले भी कई बार शराब की खेप पहुंचा चुके हैं।
बरामद सामग्री:
175 कार्टून बीयर (HYWARDS 5000) – प्रति कार्टून 24 केन, कुल 4200 बीयर केन
पिकअप वैन (BR01GP-4031) – जिस पर डाक पार्सल लिखा था
कार्रवाई में शामिल अधिकारी:
1. पु.नि. अनिल कुमार शर्मा (थाना प्रभारी, निरसा)
2. पु.अ.नि. डॉ. शिल्पी भगत
3. स.अ.नि. निर्मल कुमार मुर्मू (सिटी हॉक 47)
4. स.अ.नि. हरेन्द्र मरांडी (सिटी हॉक 48)
5. आ. 1132 मृत्युंजय शर्मा
6. आ. 1988 जयमंगल उरांव
7. आ. 2174 मनोज कुमार रजक
8. आ. 516 कार्तिक चंद्र गोराई
फिलहाल दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुट गई है।