Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दक्षिणी टुंडी / ग्राम गोसाईडीह, पंचायत कदैंया
गोसाईडीह गांव में बिजली विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के कारण एक निर्दोष गाय की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीण शिक्षक इदरीस अंसारी ने बताया कि करीब 20 दिन पहले ठेकेदार द्वारा गांव में बिजली केबल तार बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया था। इसके साथ ही पुराने तार को काटकर बीच गांव में यूं ही लापरवाही से छोड़ दिया गया।
मंगलवार की अहले सुबह वही पुराना तार गिर गया और उसी में करंट दौड़ रहा था। दुर्भाग्यवश एक गाय उसी करंटयुक्त तार की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्य पूरा कर लिया गया होता या तार को सुरक्षित ढंग से हटाया गया होता, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही पशु मालिक को मुआवजा देने की मांग भी जोर पकड़ रही है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर लापरवाह अधिकारियों और ठेकेदारों पर कोई कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य
होंगे।