हीरोडीह थाना क्षेत्र के मंडरो में सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर मिर्जागंज में उसमें आग लगा दी। बताया गया कि सीमेंट लदे एक ट्रक ने हीरोडीह थाना के मंडरो में एक 4 वर्ष के बच्चे को धक्का मार दिया। इस घटना में बच्चे की मौत हो गई। मृतक तिसरी थाना इलाके के बेलवाना निवासी शहबाज अंसारी का चार वर्षीय पुत्र था। घटना के बाद ट्रक को लेकर चालक भागने लगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भागने के क्रम ट्रक ने देवरी थाना इलाके के चितरोकुरो में सुखदेव यादव नामक व्यक्ति को कुचल दिया। सुखदेव बुरी तरह घायल है। ऐसे में लोग आक्रोशित हो गए और ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। लोगों को अपने पीछे आता देख चालक मिर्जागंज अवस्थित जलीय सूर्य मंदिर के पास वाहन को खड़ा कर फरार हो गया। इस बीच पीछे से आ रहे आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। दुर्घटना की जानकारी पर दोनों स्थानों पर पुलिस पहुंच गई। ट्रक में लगी आग पर काबू पाने प्रयास किया गया। दूसरी तरफ लोगों ने मंडरो में सड़क को जाम कर दिया। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में ट्रक में लगी आग पर भी काबू पा लिया गया। फिलहाल लोग ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।