Barora : बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के अंतर्गत केंदुआडीह बस्ती के समीप डेको पैच में रविवार को महिलाओं ने ब्लास्टिंग का कार्य रोक दिया और जमकर हंगामा किया था. इस विवाद को सुलझाने के लिए बाघमारा के नवनिर्वाचित विधायक शत्रुघ्न महतो सोमवार को बस्ती पहुंचे और ग्रामीणों से बात की. महिलाओं ने महतो को प्रबंधन द्वारा ग्रामीणों के साथ किये जा रहे कथित अत्याचार व सीआईएसएफ द्वारा किये गये लाठीचार्ज के बारे में विस्तार से बताया. शत्रुघ्न महतो ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपलोगों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे. विधायक के हस्तक्षेप पर बीसीसीएल बरोरा एरिया के महाप्रबंधक पीयूष किशोर पीओ काजल सरकार के साथ मंडल केंदुआडीह बस्ती पहुंचे और ग्रामीणों की मौजूदगी में शत्रुघ्न महतो के साथ वार्ता की. महतो ने जीएम से दो-टूक कहा कि ग्रामीणों के साथ अन्याय किसी कीमत पर नहीं होने देंगे. उन्होंने ग्रामीणों का अविलंब सुरक्षित स्थान पर समुचित व्यवस्था के साथ पुनर्वास कराने की मांग की.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस पर प्रबंधन का कहना है कि ग्रामीण जिस जमीन पर बसे हुए हैं वो गैरआवाद है. दो दिन के अंदर ग्रामीणों का मूल कागजात धनबाद डीसी के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा. जिला प्रशासन से जो भी आदेश मिलेगा उसका अक्षरशः पालन किया जायेगा. फिलहाल अगले आदेश तक ब्लास्टिंग रोक दी गई है. विवादित जमीन का मामला सुलझने के बाद ही उत्खनन कार्य शुरू किया जायेगा. मौके पर बरोरा मुखिया प्रतिनिधि दयानंद साव, आजाद कुम्हार, भाजपा नेता बाबू गोप, डोली चौहान, दूधनाथ गोप, एचएन गांधी, पवन कुमार, मधु दास, बलराम दास, पवन कुमार, विजय यादव, जयप्रकाश यादव, संजय दास, बसु भुईयां, वीरू चौहान आदि मौजूद थे