निरसा में पुलिस मुठभेड़ के बाद शूटर सागर सिंह गिरफ्तार, नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़ा है नाम

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी में बुधवार को पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सागर सिंह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सागर सिंह पिछले कुछ दिनों से हाथबाड़ी स्थित शमशाद खान के घर में छिपकर रह रहा था। सूचना मिलने के बाद धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष टीम ने बुधवार सुबह से ही इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, सागर ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सागर सिंह के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने मौके से नाइन एमएम की पिस्टल बरामद करने की बात कही है। बताया गया कि हथियार मकान के बाहर प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया था।

नीरज सिंह हत्याकांड में आया था नाम

सागर सिंह का नाम वर्ष 2017 में धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में शूटर के रूप में सामने आया था। इस मामले में तत्कालीन झरिया विधायक संजीव सिंह समेत कई आरोपितों पर मुकदमा चला था। बाद में अदालत ने आरोपितों को बरी कर दिया था।

जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा नाम

पुलिस के अनुसार सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड में भी सामने आया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और विभिन्न राज्यों में उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

शमशाद खान के घर कैसे पहुंचा सागर, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सागर सिंह हाथबाड़ी स्थित शमशाद खान के घर तक कैसे पहुंचा और वहां कितने दिनों से रह रहा था। पुलिस दोनों के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।

निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। सागर सिंह को किसने आश्रय दिया और उसके यहां छिपने के पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

About Author

error: Content is protected !!