वासेपुर गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी खान कोलकाता से गिरफ्तार, पूछताछ में कई अहम खुलासे

धनबाद। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। धनबाद पुलिस की विशेष टीम उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लेकर पहुंची है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब बैंक मोड़ थाना पहुंचे। इस दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पुलिस की विशेष टीम ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
एसएसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान बंटी खान ने कई अहम जानकारियां दी हैं। उसने ऐसे कई स्थानों के बारे में बताया है, जहां अपराध की योजनाएं बनाई जाती थीं और संदिग्ध सामान रखे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन स्थानों को चिह्नित कर वहां कार्रवाई कर रही है।
पूछताछ में बंटी खान ने कई ऐसे लोगों के नाम भी बताए हैं, जो पुलिस के रडार पर नहीं थे। इनमें स्थानीय अपराधियों के साथ-साथ झरिया इलाके के कुछ ऐसे लोगों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं, जिन पर धमकी देने और वसूली जैसी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह है।
पुलिस ने बंटी खान से मिले इनपुट के आधार पर कई संभावित ठिकानों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस टीम उसे साथ लेकर इन स्थानों को चिह्नित कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, पुलिस को मिले कुछ दस्तावेजों से यह भी संकेत मिला है कि बंटी खान कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस आज बंटी खान को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी कर रही है। इसके बाद पुलिस कोर्ट से अनुमति लेकर उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से गिरोह और उससे जुड़े लोगों के संबंध में कई और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।