रिश्वत लेते साइबर थाना के दारोगा गिरफ्तार, 30 हजार रुपये लेते एसीबी ने दबोचा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद/गिरिडीह: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), धनबाद की टीम ने बुधवार को गिरिडीह में बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक पुनीत कुमार गौतम (32 वर्ष) को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी के अनुसार, धनबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 24/26 में उसके 23 वर्षीय पुत्र संतोष मंडल को आरोपी बनाया गया है और वह जेल में बंद है। आरोप है कि मामले की केस डायरी न्यायालय में भेजने के एवज में अनुसंधानकर्ता पुलिस पदाधिकारी द्वारा पहले दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी पुलिस अधिकारी द्वारा बाद में 35 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी धनबाद थाना कांड संख्या 07/2026 दर्ज कर कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई।
बुधवार को एसीबी की टीम ने गिरिडीह के बरवाडीह स्थित पुराना पुलिस लाइन के मुख्य गेट के पास एक दुकान के समीप जाल बिछाया। जैसे ही पुनीत कुमार गौतम परिवादी से 30 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था, एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूरी कार्रवाई दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।