
गिरिडीह। झारखंड की राजनीति से रविवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। झारखंड सरकार के नगर विकास, आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया। उन्होंने गिरिडीह स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को गिरिडीह के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मंत्री के निधन की खबर सामने आते ही झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में गहरा दुख है।
बताया जा रहा है कि सुदिव्य कुमार सोनू शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में भी उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से यह दुखद स्थिति उत्पन्न हुई।
गौरतलब है कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में इससे पहले भी मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो और रामदास सोरेन का निधन हो चुका है। अब सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से राज्य सरकार और झारखंड की राजनीति को एक और गहरा आघात लगा है।
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और मंत्री को खो दिया। उनके निधन पर राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।