गिरिडीह कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा में मुखिया फरार, पुलिसकर्मी को धक्का देकर बोलेरो से भागा
गिरिडीह: गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस अभिरक्षा में लाया गया एक पंचायत मुखिया पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने साथ चल रहे पुलिस पदाधिकारी को धक्का देकर गिराया और मौके का फायदा उठाकर पहले से खड़ी बोलेरो में सवार होकर फरार हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!फरार आरोपी की पहचान विनोद साव के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जमुआ थाना अंतर्गत नवडीहा ओपी में कांड संख्या 218/26 दर्ज है। आरोपी पर महिला को निर्वस्त्र करने, घर में घुसकर मारपीट करने और धमकी देने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट लाया गया था आरोपी
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विनोद साव को ताराटांड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार शाम उसे गिरिडीह लाया गया। कोर्ट में पेशी से पहले सदर अस्पताल में उसका मेडिकल कराया गया।
मेडिकल जांच के बाद अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल आरोपी को न्यायाधीश के समक्ष पेश करने के लिए कचहरी परिसर लेकर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस पदाधिकारी को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए।
पहले से खड़ी थी बोलेरो
पुलिसकर्मी के गिरते ही आरोपी कचहरी परिसर में पहले से खड़ी बोलेरो में बैठ गया और तेज रफ्तार में वहां से फरार हो गया। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी को भगाने की योजना पहले से तैयार की गई थी।
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। मामले की जानकारी गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार और खोरीमहुआ एसडीपीओ को दी गई।
गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस द्वारा जमुआ और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
वहीं, पुलिस ने आरोपी के फरार होने में इस्तेमाल की गई बोलेरो को जब्त कर लिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक विनोद साव पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।