झारखंड विधानसभा में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर हंगामा, भाजपा विधायक वेल में उतरे; 12 बजे तक सदन स्थगित

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी भाजपा विधायकों ने परीक्षा विवाद की उच्च न्यायालय की निगरानी में CBI जांच कराने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सदन के वेल में पहुंच गए। हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्ष का प्रदर्शन

सदन की कार्यवाही सुबह करीब 11:07 बजे शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सरकार से जवाब मांगना शुरू कर दिया। विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए।

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विपक्षी विधायकों से बार-बार अपनी सीटों पर लौटने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य छात्रों के हितैषी हैं और सदन में उनकी समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए। हालांकि, विपक्ष का विरोध जारी रहा।

प्रदीप यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सदन का समय बर्बाद करने और राज्य में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और पूरे मामले की जांच CID द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र छात्रों की समस्याओं पर जवाब देने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों ने विधानसभा घेराव किया था और उन्हें सदन से अपनी समस्याओं का समाधान मिलने की उम्मीद है।

प्रदीप यादव के अनुसार, छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को वापस भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की थी। सरकार को पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सदन के सामने रखनी चाहिए।

हंगामा जारी रहने पर सदन स्थगित

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार नारेबाजी और विरोध जारी रहा। विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई।

लगातार हंगामे को देखते हुए अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। परीक्षा विवाद को लेकर विपक्ष के तेवर और सरकार के जवाब के बीच मानसून सत्र में आगे भी हंगामा जारी रहने के आसार हैं।

About Author

error: Content is protected !!