BCCL के गोन्दुडिह लोडिंग पॉइंट पर हाईवा की चपेट में आने से महिला मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

धनबाद: धनबाद के गोन्दुडिह थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल के गोन्दुडिह लोडिंग पॉइंट पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला मजदूर की मौत हो गई। कोयला लोडिंग का कार्य कर रही महिला तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए मजदूरों ने शव के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर हंगामा किया।

मृतका की पहचान कौशल्या देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से गोन्दुडिह लोडिंग पॉइंट पर कोयला लोडिंग का कार्य कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एमपीएल कंपनी की एक हाईवा गोन्दुडिह कांटा घर से वजन कराकर लोडिंग पॉइंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान कौशल्या देवी पानी पीने के लिए जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद हाईवा चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूर घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित मजदूरों ने विरोध स्वरूप हाईवा का शीशा तोड़ दिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मजदूरों ने शव हटाने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, पारिवारिक सहायता और अन्य सुविधाओं की घोषणा नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान लोडिंग पॉइंट पर कामकाज भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर गोन्दुडिह थाना पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। मजदूरों का आरोप है कि लोडिंग पॉइंट पर लंबे समय से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। भारी वाहनों की तेज रफ्तार और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण पहले भी दुर्घटनाओं की आशंका जताई गई थी, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
असंगठित मजदूर नेता टुनटुन यादव और ब्रह्मदेव यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतका के परिवार को सम्मानजनक मुआवजा, पारिवारिक सहायता और अन्य सुविधाएं दिलाने के लिए कंपनी प्रबंधन से बातचीत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लोडिंग पॉइंट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना आवश्यक है।
वहीं गोन्दुडिह थाना प्रभारी लव कुमार चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाईवा की चपेट में आने से महिला की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमसीएच भेजा जा रहा है। फरार चालक और खलासी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
फिलहाल गोन्दुडिह लोडिंग पॉइंट पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मजदूर मृतका के शव के साथ मुआवजे की मांग पर डटे हुए हैं। पुलिस, कंपनी प्रबंधन और मजदूर नेताओं के बीच वार्ता जारी है। खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार की सहमति नहीं बन सकी थी।