मोहर्रम को लेकर धनबाद पुलिस का फ्लैग मार्च, सिटी एसपी ने की शांति बनाए रखने की अपील

धनबाद: मोहर्रम पर्व को लेकर धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। इसी कड़ी में बुधवार को सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च कंट्रोल रूम से शुरू होकर रेलवे कॉलोनी, धनसार, बैंक मोड़, भूली और पंडरपाला सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।
सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने बताया कि धनबाद पुलिस मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करना है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से मोहर्रम मनाने की अपील की।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।