धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश; 13 चोरी की बाइक के साथ 5 गिरफ्तार

धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश; 13 चोरी की बाइक के साथ 5 गिरफ्तार

निरसा/धनबाद: धनबाद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। निरसा अनुमंडल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की 13 मोटरसाइकिलें और बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाला विशेष औजार बरामद किया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!


ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 19 जून को कालूबथान ओपी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटना दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ निरसा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर 21 जून को नयाडांगा काली मंदिर मैदान के समीप छापेमारी की गई, जहां पुलिस ने पांच आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार चौहान, मनीष कुमार दुबे, सूरज हेम्ब्रम, चंदन कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी निरसा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी की गई बाइकों का नंबर प्लेट तोड़ देते थे, चेसिस नंबर मिटा देते थे और पहचान छिपाने के लिए बाइक का रंग बदलकर उसे बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 13 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। साथ ही बाइक का लॉक तोड़ने और उसे स्टार्ट करने में इस्तेमाल होने वाला पेचकसनुमा औजार भी जब्त किया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ धनबाद और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं से इनके संबंधों की भी जांच कर रही है।

About Author

error: Content is protected !!