2 दिनों से गायब युवक का मिला शव, इलाके में मची सनसनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!टुंडी के लोधारिया जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

24 घंटे के भीतर फोन लोकेशन के आधार पर शव बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
धनबाद/टुंडी: टुंडी थाना क्षेत्र के लोधारिया जंगल में मंगलवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दुर्गाडीह गांव निवासी लखन नायक के पुत्र बीरेंद्र नायक (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे ग्रामीणों ने जंगल के बीच एक पेड़ से युवक का शव रस्सी के सहारे लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल टुंडी थाना पुलिस और गोविंदपुर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमाकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने ग्रामीणों एवं परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले शव उतारने का विरोध किया।
परिजनों का कहना है कि बीरेंद्र नायक 14 जून की शाम करीब 4 बजे अपने घर से निकला था और गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल गया था। रात में घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया।
वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) धनबाद भेजने की तैयारी की गई है।
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुर थाना में आवेदन मिलने के 24 घंटे के भीतर मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर शव का पता लगा लिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।