निरसा में कुएं से मिली चार संदिग्ध बोरियां, जानवरों के अवशेष बरामद होने से सनसनी

निरसा में कुएं से मिली चार संदिग्ध बोरियां, जानवरों के अवशेष बरामद होने से सनसनी

निरसा (धनबाद): निरसा थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर पंचायत स्थित डांगापाड़ा गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर जांच के दौरान चार संदिग्ध बोरियां बरामद की गईं। बोरियों को बाहर निकालने पर उनमें जानवरों के अवशेष पाए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार डांगापाड़ा निवासी बादल रविदास के नीलकुठी मोड़ स्थित आम बागान में एक कुआं है। रविवार सुबह कुएं की ओर से तेज बदबू आने लगी। जब बादल रविदास ने दुर्गंध का कारण जानने के लिए कुएं के पास जाकर देखा तो उन्हें कुएं के भीतर चार बोरियां दिखाई दीं, जिनसे तेज दुर्गंध निकल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत निरसा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से कुएं से चारों बोरियों को बाहर निकलवाया। बोरियां खोलने पर उनमें जानवरों के अवशेष मिले। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बन गया।

कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बरामद अवशेष प्रतिबंधित मांस या किसी प्रतिबंधित जानवर के हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से बताया जा सकेगा कि अवशेष किस जानवर के हैं।

पुलिस ने बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार वैज्ञानिक परीक्षण और आवश्यक जांच के बाद यह पता लगाया जाएगा कि अवशेष किस जानवर के हैं तथा उन्हें कुएं में किस उद्देश्य से फेंका गया था। फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

About Author

error: Content is protected !!