धनबाद पुलिस की नई पहल: सब-इंस्पेक्टर और एएसआई को सीधे दी जा रही ब्रीफिंग

धनबाद पुलिस की नई पहल: सब-इंस्पेक्टर और एएसआई को सीधे दी जा रही ब्रीफिंग

धनबाद: पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। मंगलवार से पुलिस केंद्र में विशेष ब्रीफिंग कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पहली बार सब-इंस्पेक्टर (SI) और सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) स्तर के अधिकारियों को सीधे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
कार्यशाला के पहले दिन जिले के सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को ब्रीफिंग दी गई। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव तथा ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब उपस्थित रहे।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अब तक डीएसपी, थाना प्रभारी और सर्किल ऑफिसर स्तर के अधिकारियों को ब्रीफिंग दी जाती थी, जो बाद में अधीनस्थ पुलिसकर्मियों तक निर्देश पहुंचाते थे। हालांकि, अब धनबाद पुलिस ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए सब-इंस्पेक्टर और एएसआई को सीधे ब्रीफ करने का निर्णय लिया है, ताकि महत्वपूर्ण निर्देश और जानकारी बिना किसी मध्यस्थता के सीधे फील्ड अधिकारियों तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 340 सब-इंस्पेक्टर और 500 के करीब सहायक सब-इंस्पेक्टर कार्यरत हैं। पहले चरण में सब-इंस्पेक्टरों को बैचवार प्रशिक्षण और ब्रीफिंग दी जा रही है, जबकि इसके बाद अगले पांच दिनों तक एएसआई स्तर के अधिकारियों को भी इसी तरह प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ब्रीफिंग के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, जनता के साथ बेहतर व्यवहार और ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसएसपी ने कहा कि अधिकारियों और जवानों के साथ सीधे संवाद स्थापित करने से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहतर परिणाम मिलेंगे। धनबाद पुलिस की इस पहल को पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!