लोयाबाद में घर पर चली गोली, परिवार बाल-बाल बचा

लोयाबाद/धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी पासी पट्टी में रविवार देर रात गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। रात्रि करीब 11 बजे अज्ञात अपराधियों ने रवि मिर्धा के घर को निशाना बनाकर गोली चला दी।
जानकारी के अनुसार, रवि मिर्धा झरिया की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत हैं। अपराधियों ने उनके घर की लोहे की खिड़की से सटाकर गोली चलाई। गोली खिड़की में छेद करते हुए घर के अंदर रखी अलमारी में जा लगी, जिससे अलमारी का शीशा टूट गया। बाद में गोली अलमारी के भीतर फंसी हुई मिली। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं लगी।
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर पूरा परिवार नींद से जाग गया और भयभीत हो गया। वहीं आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और गोली चलाने वाले की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के अंदर अलमारी से गोली बरामद कर ली है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने और किस कारण से चलाई।
मामले को लेकर लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!