तोपचांची गोलीकांड में नया मोड़, कोयला वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ सकता है मामला

धनबाद: तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए कथित गोलीकांड मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। शुरुआती जांच में मामला सड़क अपराध या छिनतई से अधिक कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने घायल युवक और उसके साथी के बयानों पर संदेह जताते हुए पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3 बजे एक युवक के गोली लगने से घायल होने की सूचना पुलिस को मिली थी। घायल रवि बख्श राय को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ समेत अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की।
घायल रवि बख्श राय ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र दिवाकर सिंह के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था। इसी दौरान तोपचांची बाजार के पास बाइक सवार अपराधियों ने उसे गोली मार दी और उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए।
हालांकि पुलिस जांच में कहानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। एसडीपीओ के अनुसार घायल और उसके साथी के बयानों में कई विरोधाभास पाए गए हैं। वहीं कथित घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ, जिससे घटना के बताए गए स्थान पर संदेह गहरा गया है।
पुलिस को आशंका है कि वास्तविक घटना दुग्दा थाना क्षेत्र में हुई हो सकती है, जहां कोयला खनन और वर्चस्व को लेकर विवाद के दौरान फायरिंग हुई। इसके बाद घायल को इलाज के लिए धनबाद लाया गया और घटना को तोपचांची क्षेत्र की वारदात के रूप में पेश किया गया।
एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और दुग्दा क्षेत्र में संभावित वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल तोपचांची गोलीकांड का मामला रहस्य बना हुआ है। पुलिस की जांच अब इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि यह सड़क अपराध था या फिर कोयला कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम। जल्द ही मामले की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है।