बोकारो में एल्यूमिनियम तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 70 किलो तार के साथ 4 गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अल्टो कार से खपाने ले जा रहे थे चोरी का माल, पुलिस ने पीछा कर दबोचा

बोकारो : #बालीडीह थाना पुलिस ने #एल्यूमिनियम तार चोरी कर उसे खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 70 किलो कटा हुआ एल्यूमिनियम तार और एक सफेद रंग की अल्टो कार बरामद की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अल्टो कार संख्या JH10V-3892 में चोरी का एल्यूमिनियम तार लोड कर थाना मोड़ से नरकरा की ओर ग्रामीण रास्ते से बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने थाना मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर नरकरा पुलिया के पास घेराबंदी करते हुए कार को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर कार में रखे हरे रंग के बोरे से लगभग 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्यूमिनियम तार बरामद हुआ। जब पुलिस ने तार से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्यूमिनियम तार चोरी कर इकट्ठा करते थे और बाद में रामगढ़ निवासी रोहित कुमार को बेचते थे, जो चोरी के माल को खपाने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मुख्य सरगना प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु भी शामिल है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान सिन्टु कुमार, प्रिंस कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
फिलहाल बालीडीह थाना में मामला दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।