Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : शहर में लगातार पुलिस गश्ती और सख्ती के बावजूद असामाजिक तत्वों का मनोबल कम होता नहीं दिख रहा है। ताजा मामला सरायढेला थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार देर रात बिग बाजार के समीप पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए एक जमादार की वर्दी फाड़ दी और उनके गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन छीन ली।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग पार्टी इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों से विवाद हो गया, जिसके बाद 8 से 10 की संख्या में मौजूद असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम को घेर लिया और हमला शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आरोपितों ने सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की।
घटना में एक एएसआई (जमादार) घायल हो गए। मामले को लेकर सरायढेला थाना के एएसआई ने दो नामजद समेत 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस अधिकारी की वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया था, जिसमें दो आरोपितों को जेल भेजा गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।