Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : कतरास कॉलेज कतरास में आंतरिक परीक्षा के दौरान इतिहास विभाग के शिक्षक धनंजय पाठक के साथ मारपीट एवं अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद शिक्षक ने कतरास थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षक धनंजय पाठक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 9 मई 2026, शनिवार को कॉलेज में आंतरिक परीक्षा चल रही थी। इस दौरान वे विद्यार्थियों से असाइनमेंट एवं परीक्षा संबंधी दस्तावेज जमा कर रहे थे। तभी मोहम्मद शाहबाज, तारीक अनवर, साहिल खान समेत करीब 20 लोग झुंड बनाकर वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। देखते ही देखते सभी ने उन्हें घेर लिया तथा गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
घटना के दौरान परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज कर्मचारियों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षक ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि यदि उन्होंने इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन या पुलिस से की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
घटना के बाद शिक्षक और उनका परिवार भयभीत एवं मानसिक तनाव में है। धनंजय पाठक ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में भी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई हमला या जान-माल की क्षति होती है तो इसके जिम्मेदार नामजद आरोपी होंगे।
इधर, मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह-संयोजक शुभम हजारी ने आरोप लगाया कि सभी आरोपी एनएसयूआई से जुड़े हुए हैं और कॉलेज को अपने प्रभाव में चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर शीघ्र कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद छात्र हित एवं शिक्षकों के सम्मान में चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।