धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग की साजिश रच रहे चार अपराधी गिरफ्तार

झरिया: धनबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बना रहे चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।

शनिवार को झरिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 8 मई की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झरिया थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने और फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने राज प्लस टू विद्यालय के पास घेराबंदी कर चार अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश शर्मा, विकास सिंह, विनोद रवानी और चन्द्रदेव राय के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरसाकोला इलाके से चन्द्रदेव राय को भी गिरफ्तार किया। वहीं, एक अन्य आरोपी मुख्तार अंसारी के घर पर छापेमारी के दौरान अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गईं, हालांकि वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 अवैध पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 15 जिंदा कारतूस, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें और 4 स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी इलाके में भय का माहौल बनाने की साजिश रच रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उनकी योजना विफल हो गई। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की जांच में जुटी हुई है।