Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जामताड़ा: शम्भू कुमार सिंह नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में जामताड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फतेहपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या एवं लूट कांड का उद्भेदन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बताया गया कि दिनांक 22 मार्च 2025 को फतेहपुर थाना अंतर्गत जामताड़ा-फतेहपुर मुख्य मार्ग पर स्थित नागरा पेट्रोल पंप में हत्या एवं लूट की गंभीर घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में फतेहपुर थाना कांड संख्या-13/25 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही जामताड़ा पुलिस लगातार मामले की जांच एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक अपराधी को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जामताड़ा पुलिस की इस त्वरित एवं सफल कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।